सहारा सिटी के वोटर लिस्ट से स्वप्ना रॉय,
और परिवार के नाम हटाए जाएंगे
1 months ago Written By: Aniket Prajapati
लखनऊ: सहारा सिटी में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय और उनके परिवार के सदस्य लखनऊ की मतदाता सूची से हटाए जाने वाले हैं। BLO टीमें जब वेरिफिकेशन के लिए सहारा सिटी पहुंचीं तो वहां एक भी मतदाता मौजूद नहीं मिला। सहारा सिटी में कुल 19 वोटर्स हैं, जिनमें स्वप्ना रॉय सहित चार परिवारिक सदस्य शामिल हैं। SIR फॉर्म BLO ने सभी के फॉर्म सीधे दीवारों पर चस्पा कर दिए।
सहारा सिटी सील होने के बाद कोई नहीं रहता नगर निगम ने 6 अक्टूबर को सहारा सिटी को सील कर दिया था। इसके बाद से यहां कोई भी निवासी नहीं है। दो दिन पहले, 22 नवंबर को स्वप्ना रॉय ने अपनी गृहस्थी का सारा सामान बाहर निकालवा लिया। BLO राजेश ने बताया कि जिन लोगों को फॉर्म मिला है, उन्हें भरकर जमा करना होगा। यदि कोई दावा नहीं करता है तो उसके नाम को मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा।
नोटिस भेजने की प्रक्रिया BLO ने बताया कि प्रक्रिया के तहत एड्रेस पर जाकर नोटिस दिया जाएगा ताकि लोगों को अपना दावा करने का अवसर मिल सके। हालांकि, सहारा सिटी की सीलिंग के कारण टीमें अंदर नहीं जा सकीं। BLO ने दो बार वहां जाकर सत्यापन का प्रयास किया, लेकिन गार्डों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि इन 19 वोटर्स के नाम कटेंगे।
सहारा सिटी की वोटर लिस्ट में नाम सहारा सिटी की मतदाता सूची में स्वप्ना रॉय, सुशांतो रॉय, मौसमी रॉय, जयव्रत रॉय के अलावा सम्राट नियोगी, तृषा नियोगी, सुदीप नियोगी, आनंद बालिया, तारा पंथी, मनीषा भट्टाचार्य, कैहर सिंह, प्रकाश पंथी, सत्यानंद भट्टाचार्य, राम प्रसाद पंथी, हरि प्रसाद पंथी आदि के नाम शामिल हैं। इन नामों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लगभग एक दशक पहले तक यहां देश के तमाम बड़े नेताओं का आगमन होता था।
सामान बाहर निकालने की कार्रवाई सहारा सिटी सील होने के बाद 22 नवंबर को स्वप्ना रॉय ने अपने गृहस्थी का सामान बाहर निकालवाया। नगर निगम की अनुमति से छह गाड़ियों में सामान ले जाया गया। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों ने वीडियोग्राफी की और बाहर निकाले गए सामान की सूची तैयार की। इससे पहले भी कई बार सामान निकालने की कार्रवाई हो चुकी है।