सहारनपुर में गोकशी का आरोपी गुलशेर पुलिस से भिड़ा,
फायरिंग कर भागा, आम के बाग से हुआ गिरफ्तार
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh: सहारनपुर में पुलिस और एक गोकशी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश चल रही थी। पकड़ा गया बदमाश हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला है। यह मामला थाना सरसावा क्षेत्र का है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए।
आरोपी ने पुलिस पर किया फायरिंग
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना सरसावा के इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा को सूचना मिली थी कि एक गोकशी के मामले में फरार बदमाश शाहजहांपुर चौराहे पर आने वाला है। पुलिस ने वहां चेकिंग अभियान शुरू किया। शाहजहांपुर सर्विस रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति तेज गति से बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका। उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। भागते-भागते उसकी बाइक गिर गई। वह बाइक छोड़कर पैदल भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। फिर वह ग्राम हैदरपुर के आम के बाग में छिप गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की। कुछ देर बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तमंचा और कारतूस किए बरामद
पूछताछ में बदमाश की पहचान गुलशेर उर्फ काला उर्फ बाल्लू के रूप में हुई। वह जरीफ उर्फ विजय का पुत्र है और हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला है। आरोपी के पास से एक तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी कब्जे में ले ली। गुलशेर ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ यमुना के जंगल ग्राम ढिक्का कला में गोकशी की घटना की थी। वह और उसका साथी आवारा घूमते गौवंश की तलाश करते हैं।
पुलिस की जांच जारी
घटना के दिन भी वह शाहजहांपुर क्षेत्र में बाइक से गौवंश की तलाश में था। पुलिस की चेकिंग देख वह डर गया। इसलिए उसने बाइक छोड़ दी और भागने लगा। भागते हुए वह हाईवे और रेलवे लाइन पार करते समय गिर गया। उसे पैर और घुटने में चोट आई। छिपने के लिए वह आम के बाग में छिप गया। लेकिन पुलिस ने उसे घेर लिया। बचने के लिए उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।