सहारनपुर में आज बड़ी राजनीतिक हलचल:
एक ही दिन पहुंचेसीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव
4 days ago Written By: Aniket Prajapati
रविवार का दिन यूपी के सहारनपुर जिले के लिए बेहद खास रहने वाला है। यहां राज्य की राजनीति के दो बड़े चेहरे—मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव—एक ही दिन मौजूद रहेंगे। पंचायत चुनावों की आहट और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच दोनों नेताओं का एक ही जिले में पहुंचना वेस्ट यूपी की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। जिला प्रशासन ने दोनों दौरों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। प्रमुख मार्गों से लेकर आयोजन स्थलों तक हर जगह पुलिस तैनात की गई है।
अखिलेश यादव का 4 घंटे का प्रवास, तीन विवाह समारोह में शामिल होंगे अखिलेश यादव रविवार दोपहर निजी विमान से सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनका यह दौरा पूरी तरह सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ा है, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे सहारनपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 12:20 बजे अंबाला रोड स्थित मन्नत रिसोर्ट में पहले विवाह समारोह में शामिल होंगे। वहां से वह 1:00 बजे चंद्रलोक फार्म हाउस पहुंचेंगे, जहां दूसरे विवाह में शिरकत करेंगे। तीसरा कार्यक्रम 1:50 बजे दिल्ली रोड स्थित फुलवारी गार्डन में होगा। सपा के जिला, मंडल और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे। प्रशासन ने तीनों विवाह स्थलों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं और लगातार गश्त की जा रही है।
शाम को पहुंचेंगे सीएम योगी, संगठनात्मक बैठक पर पूरा फोकस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम शनिवार देर रात प्रशासन को मिला। इसके बाद से ही तैयारियां तेज कर दी गईं। योगी आदित्यनाथ शाम 4 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरेंगे। 4:10 बजे उनका काफिला सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेगा, जहां वेस्ट यूपी और सहारनपुर मंडल के सांसदों, विधायकों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक होगी।
संगठन, बूथ रणनीति और चुनावी तैयारी पर चर्चा इस बैठक में केवल संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर की रणनीति और आने वाले चुनावों की तैयारी पर चर्चा होगी। खास बात यह है कि इस बार मुख्यमंत्री किसी प्रशासनिक अधिकारी की बैठक नहीं लेंगे। इससे साफ संकेत मिलता है कि भाजपा अब पूरी तरह संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। योगी आदित्यनाथ का प्रवास कुल 90 मिनट का होगा। वे 5:25 बजे सरसावा एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दो बड़े नेताओं के एक साथ आगमन के कारण जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। डीएम और एसएसपी खुद सभी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
वेस्ट यूपी की राजनीति में बढ़ी हलचल अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ का एक ही दिन सहारनपुर में होना इस बात का संकेत है कि आने वाले महीनों में वेस्ट यूपी राजनीतिक रूप से और अधिक सक्रिय रहेगा। पंचायत चुनावों से लेकर 2027 विधानसभा चुनावों तक दोनों दल अपने-अपने चुनावी आधार को मजबूत करने में जुट गए हैं।