समाजवादी पार्टी में बड़ा बदलाव: 2027 चुनाव से पहले संगठन की नई रूपरेखा तैयार,
क्या है वजह
1 months ago Written By: Aniket prajapati
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (SP) ने अपने संगठन में बड़े पैमाने पर बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी चाहती है कि चुनाव से पहले उसके सभी स्तरों पर नए, सक्रिय और प्रभावी चेहरे सामने आएं। राजनीतिक गलियारों में यह सवाल लगातार उठ रहा है कि आखिर SP अपने प्रदेश स्तरीय सभी संगठनों को भंग कर नए सिरे से क्यों बनाना चाहती है। क्या मौजूदा पदाधिकारियों पर भरोसा नहीं बचा? क्या पार्टी को अपने कैडर की ऊर्जा कम होती दिखी? इन सभी सवालों के बीच पार्टी ने संकेत दिया है कि संगठन को मजबूत किए बिना आगामी चुनाव में प्रभावी लड़ाई संभव नहीं है।
पुराने संगठन पर क्यों नहीं जा रही SP का भरोसा समाजवादी पार्टी को कई रिपोर्टें मिली हैं कि मौजूदा पदाधिकारी कई जिलों में सक्रिय नहीं हैं और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक कामकाज कमजोर हो गया है। पार्टी चाहती है कि 2027 के चुनाव में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी मिले जो लगातार फील्ड में काम करें और पार्टी की मजबूती बढ़ाएं। यही कारण है कि SP बड़े स्तर पर संगठन को बदलने का मन बना चुकी है।
नए लोगों को मौका देने की तैयारी सूत्रों के अनुसार, SP एक दर्जन से अधिक संगठनों को बदलने की योजना पर काम कर रही है। इनमें नए पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे और उन्हें चुनावी रणनीति से जुड़े नए लक्ष्य भी दिए जाएंगे। वरिष्ठ पत्रकार रतन मणिलाल का कहना है कि SP कई सालों से सत्ता से बाहर है, इसलिए संगठन को फिर से मजबूत करना उसकी ज़रूरी प्राथमिकता होनी चाहिए।
क्यों जरूरी है संगठन का मजबूत होना किसी भी राजनीतिक पार्टी के लिए उसका संगठन सबसे बड़ी ताकत होता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) इसका उदाहरण है, जिसने मजबूत संगठनात्मक ढांचे की बदौलत लगातार चुनावी सफलताएँ हासिल की हैं। SP भी इसी मॉडल पर अपने संगठन को मजबूत कर 2027 के चुनाव में BJP को कड़ी चुनौती देना चाहती है।