देश और धर्म दोनों का सम्मान जरूरी, जिस मुल्क में रहो, उससे मोहब्बत करो…
सांसद जियाउर रहमान ने कही ये अहम बात
2 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद गिराने को लेकर विवाद और आई लव मोहम्मद कैंपेन पर तीव्र प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच सपा सांसद जियाउर रहमान ने हयात नगर में आयोजित जश्न-ए-ग़ौसुल-वरा में हिस्सा लिया। मंच से उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने इस मिट्टी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है और हमारी इतिहास कुर्बानियों से भरी हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस्लाम सिखाता है कि जिस देश में रहो, उससे मोहब्बत करो और उसकी वफ़ा निभाओ। सांसद के बयान ने संभल में चल रहे विवाद और कैंपेन को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
इस्लाम और देशभक्ति पर जोर जियाउर रहमान ने कहा कि मुसलमानों की पहचान केवल धर्म तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि हम अपने मज़हब और अपने अक़ीदे पर मजबूती से कायम हैं, लेकिन इसके साथ ही देश के प्रति हमारी वफादारी भी अडिग है। उन्होंने युवाओं को चेताया कि आज की पीढ़ी अपने इतिहास को भूल चुकी है, लेकिन सच्चा मुसलमान देश और धर्म दोनों का सम्मान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपनी इतिहास पर गर्व होना चाहिए और उसमें शर्मिंदा होने की कोई जरूरत नहीं है।
I Love Muhammad कैंपेन पर सांसद का बयान सांसद ने आई लव मोहम्मद कैंपेन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद का पैग़ाम हमेशा शांति और भाईचारे का रहा है। इस कैंपेन में पोस्टर लगाना या नाम लिखना किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाता और न ही कोई गलत संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस नाम का गलत प्रचार करना ही गलत है।
मस्जिद गिराने की कार्रवाई पर राय सांसद ने संभल की मस्जिद गिराने की विवादित कार्रवाई पर कहा कि सजा देना अदालत का काम है, प्रशासन का नहीं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मस्जिद कमेटी को निचली अदालत में जाने का निर्देश दिया है और यह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।