गोरक्षपीठ में शारदीय नवरात्र का भव्य आरंभ,
सीएम योगी ने स्वयं कलश स्थापित कर किया अनुष्ठान का शुभारंभ
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: शारदीय नवरात्र के पहले दिन यानी प्रतिपदा, सोमवार को गोरखनाथ गोरक्षपीठ में मां जगतजननी की विशेष उपासना और लोक कल्याण की मंगलकामना के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीठ की परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना में भाग लिया। प्रतिपदा के दिन मां शैलपुत्री की विधिपूर्वक पूजा के साथ कलश स्थापना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवरात्रि महोत्सव का आरंभ हुआ।
भव्य कलश शोभायात्रा अनुष्ठान से पूर्व गोरखनाथ मंदिर परिसर में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में साधु-संत, स्थानीय श्रद्धालु और मठ के कर्मचारी शामिल हुए। पारंपरिक वाद्ययंत्रों जैसे घंट-घड़ियाल, तुरही और शंख की ध्वनियों के बीच मां दुर्गा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा भीम सरोवर तक पहुंची, जहां कलश भरने और सरोवर की परिक्रमा के बाद यात्रा वापस शक्तिपीठ में लौट आई।
सीएम योगी का वैदिक मंत्रोच्चार जल से भरा कलश स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उठाया और गर्भगृह में स्थापित किया। गोरक्षपीठाधीश्वर ने मां दुर्गा, भगवान शिव और गुरु गोरखनाथ के त्रिशूल को प्रतिष्ठित किया और गौरी-गणेश की आराधना की। इस दौरान वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया और नवरात्रि के शुभारंभ का महत्व बताया गया।
पाठ और आरती प्रतिपदा के दिन श्रीमद्देवीभागवत का पारायण एवं श्रीदुर्गासप्तशती पाठ का शुभारंभ भी किया गया। पाठ के उपरांत भक्तों के लिए आरती और प्रसाद वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उपस्थित रही और उन्होंने मां दुर्गा की आराधना कर मंगलकामनाएं व्यक्त की।