महंगे शौक पूरे करने के लिए ठग गिरोह ने बदले ATM कार्ड, उड़ाए लाखों,
52 कार्ड और तमंचा बरामद
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: आगरा के थाना सिकंदरा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ATM ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। यह गिरोह चालाकी से ATM से पैसे निकालने आए लोगों को फंसाता था और उनके साथ धोखाधड़ी करता था। पुलिस के अनुसार गिरोह के निशाने पर खासकर वे लोग होते थे, जिन्हें ATM इस्तेमाल करने में परेशानी होती थी। आरोपियों को पकड़ने के बाद पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं।
मदद के बहाने करते थे वारदात
पकड़े गए आरोपियों के नाम सोहेल, अमन, खालिद, हारून और फ़राज़ बताए जा रहे हैं, जो सभी गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग ATM में पैसे निकालने पहुंचे लोगों को मदद के बहाने बातों में उलझा लेते थे। फिर उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर देते और उनके असली ATM कार्ड की जगह नकली कार्ड पकड़ा देते थे। इसके बाद गिरोह उसी कार्ड का इस्तेमाल करके उनके खातों से लाखों रुपये निकाल लेता था। इस तरीके से गैंग अब तक कई लोगों से ठगी कर चुका है।
52 ATM कार्ड, तमंचा और मोबाइल बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 ATM कार्ड, एक तमंचा और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए इस तरह की वारदात करते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और अलग-अलग राज्यों में ATM से जुड़े अपराधों को अंजाम दे रहा था।
गाजियाबाद से खरीदते थे हथियार
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए गाजियाबाद से तमंचे खरीदकर लाते थे। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से ATM से होने वाली ठगी की घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों को राहत मिलेगी।