सोनभद्र में एक किसान के घर में घुसा 12 फीट लंबा मगरमच्छ, गांव में मचा हड़कंप,
वन विभाग ने किया नियंत्रण
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के लाली गांव में मंगलवार को एक अजीब और खतरनाक घटना सामने आई। किसान बालकिशन बैसवार के घर के आंगन में अचानक 12 फीट लंबा विशाल मगरमच्छ घुस आया। परिवार वालों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया। शोर सुनकर पूरा गांव हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन और वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग ने किया सुरक्षित नियंत्रण सूचना मिलते ही वन दरोगा राजन मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वन अधिकारियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों और जाल की मदद से नियंत्रित किया। भीड़ को संभालते हुए टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित पिंजरे में बंद किया। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की कार्यवाही की सराहना की।
मगरमच्छ क्यों आया गांव में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह नर मगरमच्छ भोजन और पानी की तलाश में गांव में भटक कर आ गया था। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के बाद सुरक्षित रूप से मुक्खा फॉल के पास छोड़ दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि किसी भी ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
लगातार बढ़ रही घटनाएं गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में सोनभद्र जिले के अलग-अलग गांवों में मगरमच्छों के घरों और खेतों में घुसने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। वन विभाग लगातार लोगों से अनुरोध कर रहा है कि वे अपने घरों और खेतों में आग लगने या मगरमच्छ दिखने जैसी आपात स्थितियों में तुरंत जानकारी दें।