सुल्तानपुर में बेटे ने तोड़ा मां का हाथ, फिर पिता को मार डाला,
बर्बरता की सारी हदें पार की सुनकर कांप जाएगा कलेजा
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: सुल्तानपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक बेटे ने शराब के नशे में अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोपी का नाम श्रवण वर्मा है। उसने नशे में पहले मां का हाथ तोड़ा और फिर पिता का सिर ईंट से कुचल दिया। यह घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के केनौरा गांव की है। घटना रविवार रात करीब 8 बजे की है। आरोपी की बहन ने जब अपने माता पिता को बचाने आई तो आरोपी युवक ने उसे भी पीटा। बता दें कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शराब के नशे में बेटे ने की पिता की हत्या
50 साल के हृदयराम वर्मा एक किसान थे। वह अपनी पत्नी विमला देवी, बेटे श्रवण और बेटी अमीषा के साथ रहते थे। रविवार की शाम श्रवण बिना बताए घर से निकल गया। रात को वह नशे में लौटा और कुएं के पास खड़े होकर पिता को गालियां देने लगा। जब पिता ने रोका तो वह आग बबूला हो गया। उसने पास में पड़ी ईंट उठाई और पिता के सिर पर कई बार मारी, जिससे उसका पिता बेसुध हो कर गिर गया। पिता को बचाने दौड़ी बहन अमीषा पर भी उसने हमला कर दिया। अमीषा बुरी तरह घायल हो गई। वहीं हृदयराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अमीषा को इलाज के लिए सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी की मां विमला देवी की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर पर गंभीर चोटें पाई गईं। पुलिस ने बताया कि मृतक हृदयराम ने भी शराब पी रखी थी।
बेटे के लिए माता-पिता ने रखे थे कई व्रत
मिली जानकारी के अनुसार, हृदयराम और विमला देवी ने बेटे के लिए कई व्रत रखे थे और जब बेटा हुआ तो उसका नाम श्रवण कुमार रखा गया था। उन्हें उम्मीद थी कि वह बुज़ुर्गों की सेवा करेगा। लेकिन नशे ने उसे हत्यारा बना दिया।
आरोपी की पत्नी गर्भवती
श्रवण की शादी 2021 में सुनीता उर्फ पिंकी से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। एक का नाम शुभि और दुसरी बेटी का नाम सौम्या है। वहीं उसकी पत्नी इस समय गर्भवती है। पति की करतूत जानकर वह ससुराल पहुंची, तो सदमे में बार-बार बेहोश हो गई। परिवार के लिए यह एक बड़ा सदमा है। गांव में शोक और हैरानी का माहौल है।