वाराणसी के योग सम्राट स्वामी शिवानंद बाबा का 128 वर्ष में हुआ निधन,
PM मोदी और CM योगी ने दी श्रद्धांजलि
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Swami Sivananda Baba: प्रसिद्ध योग गुरु स्वामी शिवानंद बाबा का वाराणसी में निधन हो गया। 128 वर्ष की आयु में उन्होंने शनिवार रात BHU अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें पिछले तीन दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। शिवानंद बाबा के निधन की खबर से शोक की लहर दौड़ गई। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी ने कहा कि बाबा ने योग के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा है।
दुर्गाकुंड आश्रम में रखा गया था बाबा का पार्थिव शरीर
स्वामी शिवानंद बाबा के दुर्गाकुंड स्थित आश्रम में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। वहीं सोमवार के दिन मणिकर्णिका घाट पर राजकीय सम्मान के साथ बाबा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 8 अगस्त 1896 को बांग्लादेश में जो कि उस समय बंगाल में था, वहां के श्रीहट्ट नाम के गांव में बाबा का जन्म हुआ था। उनके बचपन में ही उनके माता पिता का देहांत हो गया था। गरीबी के कारण वे आधा पेट भोजन करते थे। चार साल की उम्र में उन्हें गुरु श्री ओंकारानंद को सौंपा गया। वहीं से उन्होंने योग और साधना की शुरुआत की।
स्वामी शिवानंद ने अपनाया था सादा जीवन
दरसअल, स्वामी शिवानंद बाबा बचपन से ही सादा जीवन अपनाया। वह कभी स्कूल नहीं गए। उन्होंने हमेशा उबला खाना खाया। नमक भी बहुत कम खाते थे। वह फल दूध या मसालेदार भोजन नहीं लेते थे। नीम की पत्तियां और दलिया उनका रोज़ का आहार था।
सादा जीवन को बताया लंबी उम्र का राज
शिवानंद बाबा हर दिन सुबह 3 बजे उठते थे। ठंडे पानी से नहाते और 1 घंटा योग करते थे। वह AC, पंखा या हीटर कभी नहीं चलाते थे। चटाई पर सोते और लकड़ी की तकिया इस्तेमाल करते थे। उनका मानना था कि सादा जीवन ही लंबी उम्र का राज है। साल 2022 में राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उस समय पीएम मोदी ने उन्हें झुककर प्रणाम किया था। बाबा मानते थे कि योग ही असली अमृत है और यही सबके लिए जरूरी है।