बदायूं की युवती बनी मीरा… श्रीकृष्ण की प्रतिमा संग लिए सात फेरे,
गांव ने निभाई घराती की भूमिका
3 days ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक अनोखी और चर्चा में रहने वाली शादी सामने आई है। यहां इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ब्यौर कासिमाबाद गांव में 28 वर्षीय पिंकी शर्मा ने श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ विवाह रचाया। शनिवार को हुए इस विवाह में गांव के लोग घराती बनकर शामिल हुए और परिवार ने पूरी विधि-विधान के साथ रस्में निभाईं। पिंकी ने प्रतिमा को गोद में लेकर सात फेरे लिए और रविवार सुबह उनकी विदाई भी की गई। यह शादी पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीण पिंकी को अब "मीरा" कहकर बुला रहे हैं।
पिंकी बचपन से हैं श्रीकृष्ण की भक्त पिंकी पोस्ट ग्रेजुएट हैं और बचपन से ही श्रीकृष्ण की भक्त रही हैं। जब उन्होंने प्रतिमा से शादी का फैसला लिया, तो पहले परिवार को यह निर्णय अजीब लगा, लेकिन उनकी भावनाओं और भक्ति को देखकर माता-पिता ने बेटी का साथ देने का निर्णय किया। पिंकी की मां ने कहा कि पहले समझ नहीं आया, लेकिन बेटी की खुशी के आगे सबने हामी भर दी।
परिवार भी साथ, बोले वृंदावन में घर दिलाएंगे पिंकी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की इच्छा है कि वह विहारी जी के पास रहे और वृंदावन में घर हो। इसलिए वे उसे वृंदावन में घर दिलाने की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल विदाई के बाद पिंकी अपने ही घर में रह रही हैं, लेकिन आगे वह वृंदावन और गांव दोनों जगह रहेंगी।
कान्हा को जीवनसाथी चुना है, बोली पिंकी पिंकी का कहना है कि उन्होंने खुद को कान्हा जी को समर्पित कर दिया है और जीवनभर उनके चरणों में रहना चाहती हैं। शादी कराने वाले पंडित ने बताया कि भक्ति की शक्ति सबसे बड़ी होती है। सभी की सहमति से यह विवाह पूरी विधि से सम्पन्न कराया गया।
गांव में चर्चा, लोग बोले- कृष्ण भक्ति में लीन हो गई पिंकी गांव के लोगों का कहना है कि पिंकी पूरी तरह कृष्ण-भक्ति में लीन हैं। पिंकी ने कहा कि भगवान कृष्ण की भक्ति से उन्हें जीवन की हर चुनौती का सामना करने की शक्ति मिलती है। अब उनका जीवन सिर्फ कान्हा जी की सेवा को समर्पित है।