राशन कार्ड और पेंशन की समस्या लेकर पहुंची महिला,
CM योगी ने तुरंत समाधान कर दिया और दिया गिफ्ट
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के जरिए लोगों से सीधे मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले और कोई समस्या लंबित न रहे। जनता दर्शन में लगभग 250 लोगों ने अपनी परेशानियां बताईं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही। मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से हर समस्या पर ध्यान दिया और प्रभावित अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के लिए दिशा-निर्देश दिए।
महिलाओं और जरूरतमंदों की समस्याओं पर विशेष ध्यान जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने कुर्सियों पर बैठे लोगों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनी। एक महिला ने राशन कार्ड न होने की शिकायत की, जिस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिया कि उनकी समस्या को संवेदनशीलता से देखें। साथ ही, पात्रता अनुसार उन्हें पेंशन योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी सुनिश्चित किया जाए।
गरीबों की जमीन की सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गरीबों की जमीन पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व और पुलिस मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम ने कहा कि जन कल्याण कार्य हमेशा प्राथमिकता पर होना चाहिए और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण किया जाए।
आर्थिक सहायता और इलाज में मदद इलाज में आर्थिक मदद के लिए आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी के कारण किसी का इलाज रुकेगा नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस्टिमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाए और शासन द्वारा इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।