भारत-पाक तनाव के बीच अलर्ट पर यूपी सरकार,
सोशल मीडिया अफवाहों पर सख्त निगरानी
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
UP Government on High Alert: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। सोशल मीडिया पर फैल रही झूठी खबरों और अफवाहों को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया और साइबर टीम को सक्रिय कर दिया है। पुलिस मुख्यालय में छह अधिकारियों की एक टीम लगातार इन अफवाहों की निगरानी कर रही है। पाकिस्तान से फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों की भावनाएं भड़काने की कोशिश हो रही है। जांच में सामने आया है कि ये पोस्ट पाकिस्तान से चलाए जा रहे हैं। इनका मकसद देश में माहौल खराब करना है। यूपी पुलिस ने साफ कहा है कि कोई भी झूठी खबर, फोटो या वीडियो न फैलाएं। अगर किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस ने शुरू की सख्त निगरानी
योगी सरकार की टीम ने सोशल मीडिया पर निगरानी तेज कर दी है। साइबर सेल लगातार उन अकाउंट्स की जांच कर रही है जो देश विरोधी बातें फैला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान से कुछ हैंडल भारतीय सोशल मीडिया पर अफवाहें फैला रहे हैं। ये अफवाहें लोगों में गुस्सा और डर फैलाने का काम कर रही हैं।
मेरठ और बरेली में गिरफ्तारी
मेरठ में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरेली और संभल में भी एफआईआर दर्ज कर चार लोगों को पकड़ा गया है। इन सभी पर सोशल मीडिया में एंटी इंडिया पोस्ट करने का आरोप है। सोशल मीडिया टीम ने यह कार्रवाई की है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई भी झूठी बात फोटो या वीडियो शेयर न करें।
यूपी में रेड अलर्ट जारी
डीजीपी प्रशांत कुमार ने यूपी में रेड अलर्ट घोषित किया है। उन्होंने सभी जिलों में सतर्कता बढ़ाने का निर्देश दिया है। सभी अहम सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखने को कहा गया है। डीजीपी ने साफ कहा है कि जो भी अफवाह फैलाएगा या देश विरोधी पोस्ट करेगा, उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।