यूपी में लू का कहर: 19 जिलों में यलो अलर्ट,
11 जून के बाद मिल सकती है राहत
5 hours ago
Written By: STATE DESK
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों में लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पछुआ हवा के कारण अगले तीन दिनों तक गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा। हालांकि, 11 जून के बाद हवा का रुख बदलने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
बीते रविवार को प्रयागराज और झांसी में दोपहर बाद तापमान 44°C के पार चला गया। इसके साथ ही प्रदेश के 14 जिलों में अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर दर्ज किया गया। जिसके बाद बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर जिलों में लू को लेकर चेतावनी जरी की गई है।
9 से 11 जून तक लू का प्रकोप
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 से 11 जून के बीच राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। खासकर विंध्य क्षेत्र, दक्षिणी यूपी, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, बुंदेलखंड और आगरा व उसके आसपास के जिलों में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
11 जून से बदलेगा मौसम
वहीं, मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि, सोमवार से पछुआ हवाएं और तेज होंगी, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, 11 जून के बाद पूर्वी यूपी में हवा का रुख पूर्वा हो जाएगा। बंगाल की खाड़ी से नमी आने पर पूर्वांचल और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
मानसून की रफ्तार धीमी
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के इलाकों में रुका हुआ है। मानसूनी हवाएं कमजोर होने के कारण गर्मी और बढ़ रही है।
खेती पर असर: धान को फायदा, सब्जियों को नुकसान
वहीं, कृषि विशेषज्ञ डॉ. राजीव श्रीवास्तव का कहना है कि, आगामी बारिश धान की नर्सरी के लिए लाभकारी होगी। मोटे अनाज जैसे मक्का, सामा और काकून की बुवाई के लिए भी यह सही समय है, क्योंकि इन फसलों को नमी की जरूरत होती है।
हालांकि, आम की फसल को इससे नुकसान हो सकता है। मिठास घटने और कीड़े लगने की आशंका है। वहीं, लौकी, करेला, भिंडी, तोरई जैसी हरी सब्जियों को भी बारिश से नुकसान होगा।
यूपी के सबसे ठंढे जिले….
शहर
|
तापमान
|
मेरठ
|
25.4°C
|
बाराबंकी
|
26°C
|
अयोध्या
|
26°C
|
सुल्तानपुर
|
26.3°C
|
रायबरेली
|
26.6°C
|
यूपी के टॉप 5 गर्म जिले…
शहर
|
तापमान
|
प्रयागराज
|
43.8°C
|
आगरा
|
43°C
|
झांसी
|
42.3°C
|
हमीरपुर
|
42.2°C
|
औरैया
|
41.8°C
|