ऑपरेशन लंगड़ा से कानून के पांव हुए मजबूत, बदमाशों की खैर नहीं...
यूपी में धड़ाधड़ हो रहे एनकाउंटर
1 days ago
Written By: Ashwani Tiwari
Operation Langda: उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। ऑपरेशन लंगड़ा नाम का एक नया अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिस मुठभेड़ में अपराधियों की टांग में गोली मारकर उन्हें घायल कर रही है ताकि वो भाग न सकें और आसानी से पकड़े जा सकें। इस अभियान का मकसद है कि अपराधियों को या तो गिरफ्तार किया जाए या उनके मन में पुलिस का इतना डर बैठा दिया जाए कि वो दोबारा कोई जुर्म करने की हिम्मत न करें। इस ऑपरेशन के तहत हाल ही में शामली, फिरोजाबाद, लखनऊ और प्रतापगढ़ में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
शामली में बावरिया गिरोह के बदमाश से मुठभेड़
शामली जिले में पुलिस का आमना-सामना 25 हजार के इनामी बदमाश से हुआ। यह मुठभेड़ झिंझाना थाना क्षेत्र के कैराना रोड पर हुई, जिसमें बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके साथी कपिल को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों अपराधियों पर दर्जनों केस दर्ज हैं और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद हुए हैं।
फिरोजाबाद में 10 से ज्यादा चोरी करने वाला चोर पकड़ा गया
फिरोजाबाद में रसूलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आलीशान मोहम्मद नाम के एक शातिर चोर को पकड़ लिया। वह शहर में अब तक 10 से अधिक चोरियां कर चुका था और हर बार पहचान बदलकर बच निकलता था। इस बार वह सीसीटीवी में कैद हो गया था और तभी से पुलिस उसे ढूंढ रही थी। मुठभेड़ में उसे भी गोली लगी और वह अस्पताल में भर्ती है।
लखनऊ में फरार इनामी बदमाश दबोचे गए
राजधानी लखनऊ में भी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। महानगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में घायल कुलदीप के तीन फरार साथियों नीरज उर्फ लंबे, पिंटू और प्रकाश को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर अलग-अलग जगहों से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इन सभी पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
शराब तस्करी करने वाला गिरोह भी पकड़ा गया
लखनऊ के ही पीजीआई थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के एक इंटर स्टेट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। राजस्थान के रहने वाले सोनू और सीताराम बागरिया नाम के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 18 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की, जो महिंद्रा पिकअप वाहन में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में इस शराब की कीमत तीन गुना होती है।
प्रतापगढ़ में इनामी अपराधी की गिरफ्तारी
प्रतापगढ़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश संतोष को गिरफ्तार किया है। संतोष लखनऊ के रजिस्ट्री कार्यालय में हुई फायरिंग और मारपीट की एक बड़ी घटना में फरार चल रहा था। इस मामले में अब तक कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।