उत्तर प्रदेश में मानसून का जोर, बाढ़ और डेंगू का खतरा बढ़ा,
फर्रुखाबाद में बाढ़ ने बिगाड़ा हाल, घरों में पानी भर गया
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी ने एक बार फिर मौसम को सुहाना बना दिया है। सुबह से कई जिलों में बारिश हुई है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि मानसून अब भी सक्रिय है और तराई एवं दक्षिणी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ में सुबह की रिमझिम बरसात ने तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दी।
फर्रुखाबाद और अन्य जिलों में बाढ़ की स्थिति
फर्रुखाबाद जिले के 162 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। कई घरों में पानी भर गया है और मुख्य सड़कों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित हो गया है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि टूटी सड़कों की मरम्मत पानी कम होने के बाद कराई जाएगी। प्रशासन ने प्रभावित गांवों में राहत वितरण शुरू कर दिया है। NDRF, SDRF और फ्लड पीएसी की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
प्रयागराज में नदियों का जलस्तर बढ़ा
संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में गंगा का फाफामऊ में स्तर 143 सेमी और छतनाग में 286 सेमी बढ़ा, जबकि यमुना नैनी में 288 सेमी चढ़ गई। गंगा 6 सेमी और यमुना 12 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं। फिलहाल दोनों नदियां डेंजर लेवल से नीचे बह रही हैं। सिंचाई विभाग ने पूरे इलाके की कड़ी निगरानी की है और जल पुलिस, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है।
डेंगू का खतरा और स्वास्थ्य विभाग की तैयारी
बारिश और बाढ़ के बाद प्रयागराज में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस साल अब तक जिले में 15 डेंगू के मामले सामने आए हैं, जिसमें एक मौत भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए बेड आरक्षित कर दिए हैं और 21 सीएचसी तथा चार बड़े अस्पतालों में पर्याप्त तैयारी की है।
राहत और बचाव कार्य
फर्रुखाबाद और अन्य बाढ़ प्रभावित जिलों में प्रशासन ने 82 नावें और 11 मोटर बोट्स राहत-बचाव कार्य के लिए तैनात की हैं। 17 मेडिकल टीमों द्वारा कुल 488 स्वास्थ्य कैम्प आयोजित किए गए, जिनमें 30,129 लोगों का उपचार किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिन छिटपुट बारिश के आसार हैं। मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 27 और 28 अगस्त को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।