यूपी में बढ़ने लगी कड़ाके की ठंड, अगले 5 दिन तक लुढ़केगा पारा,
कोहरा और शीतलहर का अलर्ट
1 months ago Written By: अनिकेत प्रजापति
उत्तर प्रदेश में ठंड ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। रात के तापमान में गिरावट से लोग कांपने लगे हैं और कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा भी दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि आने वाले 5 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही कई हिस्सों में शीतलहर जैसा असर भी महसूस होगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर तेज होने वाला है और प्रदेश का बड़ा हिस्सा सुबह की शुरुआत कोहरे से करेगा।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कोहरे के साथ शुष्क मौसम
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 23 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन सुबह कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। दिन चढ़ने के बाद धूप खिलने से मौसम सामान्य हो जाएगा। रविवार को जिन जिलों में कोहरा छाने का पूर्वानुमान है उनमें फिरोजाबाद, उन्नाव, हमीरपुर, कौशाम्बी, चित्रकूट, आगरा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रामपुर, बरेली, मथुरा, मेरठ, कन्नौज, मैनपुरी, सीतापुर, अमेठी, रायबरेली, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, शामली, झांसी, ललितपुर, वाराणसी, अयोध्या, सुल्तानपुर, कानपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, फर्रुखाबाद, इटावा, बाराबंकी और बस्ती शामिल हैं।
लखनऊ और नोएडा में कैसा रहेगा आज का मौसम
राजधानी लखनऊ में ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह कोहरा रहेगा और दिन में आसमान साफ हो जाएगा। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 13°C रहने का अनुमान है, जो पिछले 24 घंटों से 1°C कम है। नोएडा और गाजियाबाद में भी सुबह मध्यम कोहरा दिख सकता है, लेकिन दोपहर तक मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि, रात में ठंड तेजी से बढ़ेगी और लोगों को ठिठुरन महसूस होगी।
धीरे-धीरे और लुढ़केगा पारा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यूपी में लगातार तापमान गिरने वाला है। कई जिलों में सुबह और शाम हल्की शीतलहर महसूस होगी। अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान गिरकर 8°C तक पहुंच सकता है। इससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।