गाजियाबाद की तर्ज पर बागपत में महिला पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई,
फरार आरोपी गिरफ्तार
1 months ago Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की महिला पुलिस ने अपनी बहादुरी और दक्षता का एक और उदाहरण पेश किया है। बागपत में महिला मिशन शक्ति टीम ने मुठभेड़ के दौरान फरार आरोपी आनिस को गिरफ्तार किया। आनिस पर अपनी नाबालिग बहन पर जानलेवा हमला करने का आरोप था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य अपराध को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर महिला पुलिस की टीम ने आरोपी का पीछा किया और मुठभेड़ के दौरान उसे पैर में गोली लगी। आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ में बरामद सामग्री एसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। यह बागपत में पहली बार है जब महिला पुलिस टीम ने किसी अपराधी के साथ सीधे मुठभेड़ की है। यह कार्रवाई महिला सशक्तिकरण की एक अनूठी मिसाल बन गई।
आरोपी की न्यायिक हिरासत पुलिस ने आनिस को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बागपत एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद में भी महिला पुलिस ने दिखाई बहादुरी बता दें कि गाजियाबाद में भी महिला पुलिस की टीम ने पहली बार किसी बदमाश के साथ सीधी मुठभेड़ की थी। उस दौरान 22 वर्षीय जितेंद्र नामक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी पर लूट, चोरी और झपटमारी समेत कई मामले दर्ज थे। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और चोरी की स्कूटी जब्त की थी।
महिला पुलिस की बहादुरी की मिसाल बागपत और गाजियाबाद में महिला पुलिस की ये कार्रवाई दिखाती है कि उत्तर प्रदेश की महिला पुलिस अब किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हट रही है। मिशन शक्ति टीम ने कानून और न्याय की रक्षा में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।