यूपी में गर्मी का प्रचंड प्रकोप, इन 16 जिलों में अलर्ट,
बढ़ा हीटस्ट्रोक का खतरा, जानिए अपने शहर का हाल
2 days ago
Written By: आदित्य कुमार वर्मा
अप्रैल महीने का अंत आते ही भीषण गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है, यहाँ उत्तर प्रदेश में लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। बढ़ते पारे के साथ ही लोगों की मुश्किलें भी अब बढ़ने लगी हैं। राज्य भर में लगातार गर्मी का सितम जारी है। अमेठी में ट्रांसफार्मर के लिए बड़े-बड़े कूलर लगाए गए हैं। वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए यूपी के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं अब मौसम के बदलते मिजाज से लोगों में हीटस्ट्रोक का खतरा भी अब गहराने लगा है।
एक हफ्ते तक चढ़ता रहेगा पारा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक गर्मी की मार अभी लोगों को और परेशान करने वाली है। यहां विभाग ने आने वाले हफ्तों में सातों दिन लगातार पारे में 5 डिग्री तक बढ़ोत्तरी की आशंका व्यक्त की है। मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को उत्तर प्रदेश के झांसी और कई जिलों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। 24 घंटे के दौरान अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुलतानपुर, अमेठी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी के तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, अयोध्या, लखनऊ, हरदोई, रायबरेली, सीतापुर, बरेली और उन्नाव में रात का तापमान 2-3 डिग्री बढ़ा है। इसी तरह बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, संभल, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम के बदलते मिजाज को ध्यान में रखते हुए यूपी के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 40 डिग्री या उससे अधिक तापमान वाले जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 44.3 डिग्री, हमीरपुर में 43.2 डिग्री, अमेठी में 43.4 डिग्री, झांसी में 43.1 डिग्री, वाराणसी में 43 डिग्री, आगरा में 42.5 डिग्री, बरेली में 41 डिग्री, बांदा में 41.4 डिग्री, कानपुर में 42 डिग्री, लखनऊ में 41.4 डिग्री, सुल्तानपुर में 42.6 डिग्री, इटावा में 40 डिग्री, गोरखपुर में 39.7 डिग्री, हरदोई में 39.5 डिग्री, तथा बरेली में 39.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। जिसे देखते हुए इन जिलों में अलर्ट जारी है।
16 जिलों में बढ़ा हीटस्ट्रोक का खतरा
गर्मी के बढ़ते सितम के कारण उत्तर प्रदेश में हीटवेव का खतरा अब बढ़ने लगा है। यहां 16 जिलों में मंगलवार को तापमान 40 डिग्री के आसपास या उससे अधिक दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक तापमान अगर 42 डिग्री से अधिक हुआ तो हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। जबकि 44 और 45 डिग्री तापमान में इसके आसार सबसे ज्यादा होते हैं। यहां राज्य के 16 जिलों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक है और विभाग की चेतावनी के अनुसार पूरे राज्य में अगले 7 दिनों तक पारा 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। जिसे देखते हुए इन जिलों में आने वाले हफ्ते में हीटस्ट्रोक के खतरे की गुंज सुनाई दे रही है।