प्रयागराज में पिता को पेड़ से बांधा,
पीट-पीटकर मार डाला, 'तीसरी आंख' ने देखा...और दबोचे गए मां-बेटे
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: प्रयागराज के मांडा इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना 13 मई की है। पुलिस ने मंगलवार को इसका खुलासा किया। आरोपी बेटों ने पिता को नीम के पेड़ से बांधा और बेरहमी से पीटा। पिता की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में शव को गंगा किनारे दफना दिया गया। यह पूरी वारदात पास के गोदाम के CCTV में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने पर पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने मां और दोनों बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पिटाई से पिता की मौके पर मौत
13 मई की सुबह दिनेश मौर्य शराब पीकर घर लौटा। उसने पत्नी सोना देवी से मारपीट करने की कोशिश की। यह देखकर बेटे अनिल और सुनील भड़क गए। अनिल ने पिता को पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। फिर प्लास्टिक पाइप से पेट पर कई वार किए। बता दें कि पिटाई से दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। पिता की मौत के बाद दोनों बेटे घबरा गए। उन्होंने शव को घर में नहीं रखा। देर शाम दोनों भाई शव को गंगा किनारे ले गए। एक गड्ढा खोदकर वहीं दफन कर दिया। उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया।
CCTV में रिकॉर्ड हुआ पिटाई का वीडियो
थाना मांडा से 100 मीटर दूर सरकारी गोदाम है। वहां CCTV कैमरे लगे हैं। एक युवक ने अगले दिन रिकॉर्डिंग देखी। उसमें देखा गया कि बेटा अपने पिता को पीट रहा है। वीडियो वायरल हुआ और पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने तुरंत मां और बेटों को हिरासत में लिया। अनिल ने पुलिस से कहा- पिता रोज शराब पीकर गाली देता था। मां की कमाई भी छीन लेता था। वह एक लड़की को भगा ले गया था, जिससे गांव में बदनामी हुई। मां बहुत दुखी रहती थी। हमने सबक सिखाने की सोची मारने की नहीं। वहीं दिनेश का चचेरा भाई बोला वह अच्छा आदमी नहीं था। हमेशा पत्नी और बच्चों को सताता था। किसी रिश्तेदार ने उसकी लाश तक नहीं देखी। पड़ोसियों का कहना है कि दिनेश की आदतों से पूरा गांव परेशान था।
मां-बेटों पर हत्या का केस दर्ज
एसीपी रवि गुप्ता ने बताया कि मां और दोनों बेटों पर हत्या और सबूत मिटाने का केस दर्ज किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। पुलिस ने कोर्ट को CCTV फुटेज भी सौंप दिए हैं।