भारत-नेपाल बॉर्डर पर उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार,
बिना वीजा घुसने की कोशिश में पकड़ी गई
1 months ago Written By: ANIKET PRAJAPATI
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली इलाके में उज्बेकिस्तान की एक महिला को बिना वैध वीजा के भारत में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
नियमित जांच में पकड़ी गई महिला आप्रवासन विभाग के अधिकारी प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि शुक्रवार शाम नेपाल से भारत आने की कोशिश कर रही 36 वर्षीय उम्मीदा जोइरोवा को सोनौली बॉर्डर पर नियमित जांच के दौरान रोका गया। जांच के समय पता चला कि उसके पास उज्बेकिस्तान का पासपोर्ट तो है, लेकिन भारतीय वीजा नहीं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया गया।
पहले भी भारत से की जा चुकी है निर्वासित अधिकारियों ने बताया कि यह वही महिला है जिसे इस साल 22 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट से भारत से ‘एग्जिट परमिट’ के साथ निर्वासित किया गया था। इसके बाद उसके खिलाफ ‘लुक आउट सर्कुलर’ भी जारी किया गया था, ताकि वह दोबारा भारत में प्रवेश न कर सके। लेकिन पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने 22 अप्रैल को नेपाल के रास्ते से गैरकानूनी तरीके से भारत में प्रवेश किया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि उज्बेकिस्तान की इस महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वह भारत में दोबारा क्यों आई और किस उद्देश्य से प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई में भी विदेशी नागरिकों पर कार्रवाई इससे पहले मुंबई पुलिस ने भी छह अफगान नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में ये सभी किसी भी वैध पहचान पत्र को पेश नहीं कर सके। मुंबई पुलिस ने बताया कि सभी की पहचान की जा चुकी है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।