वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, 10 साल की बच्ची घायल,
यात्री ने पोस्ट कर दी जानकारी
23 days ago
Written By: STATE DESK
Vande Bharat Stone Pelting: प्रयागराज से लखनऊ आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की एक घटना सामने आई है। इस घटना में ट्रेन में सफर कर रही 10 साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद यात्री ने X पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। फिलहाल इस घटना के संबंध में और अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।
X पर पोस्ट कर दी जानकारी
मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना की जानकारी एक यात्री अतुल कुमार गौतम ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की। उन्होंने लखनऊ के डीआरएम को टैग करते हुए बताया कि वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंका गया, जिससे एक बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं।
हालांकि यात्री ने अपनी पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि यह घटना किस स्थान पर हुई। डीआरएम कार्यालय की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए यात्री से पीएनआर नंबर और अन्य संबंधित जानकारी साझा करने का अनुरोध किया गया। लेकिन समाचार लिखे जाने तक यात्री की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है। यात्री ने अपनी शिकायत में सिर्फ इतना बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस प्रयागराज से लखनऊ की ओर जा रही थी।
जांच कर कार्रवाई की बात
इसके बाद रेलवे प्रशासन ने फिलहाल इस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। रेलवे द्वारा पथराव जैसी घटनाओं को बेहद गंभीर माना जाता है और दोषियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से जांच की जा सकती है।
गौरतलब है कि वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे यात्री सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। रेलवे बार-बार लोगों से अपील करता रहा है कि ऐसी हरकतों से बचें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकती हैं। रेल प्रशासन द्वारा फिलहाल मामले की पुष्टि और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।