वाराणसी में अजीबोगरीब मामला: शादी के 25 साल बाद टूटा रिश्ता,
45 की पत्नी और 50 के प्रेमी का मंदिर में विवाह, पति बना गवाह
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ने के बाद हैरान कर देने वाला कदम उठाया। पति ने न केवल पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़ा, बल्कि दोनों की शादी भी करवा दी। पहले घर में रस्में निभाई गईं और फिर राजातालाब स्थित मंदिर में पूरे विधि-विधान से शादी संपन्न कराई गई। इस शादी के बाद मंदिर की तरफ से प्रमाण पत्र भी जारी किया गया। अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
25 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर अहरौरा निवासी अरविंद्र कुमार पटेल की शादी 25 साल पहले चंदौली दुल्हीपुर की रीना देवी से भारतीय परंपराओं के अनुसार हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा 18 साल का है। इसी बीच रीना देवी का संबंध उसी मकान में किराए पर दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय सियाराम यादव से हो गया।
पति ने कमरे में पकड़ा पत्नी को प्रेमी संग
बीते कुछ समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। रीना देवी किराए के मकान में रहने लगी थी। पति अरविंद को पहले से पत्नी पर शक था। जब उसे जानकारी मिली कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ कमरे में है, तो वह मौके पर पहुंच गया और दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद अरविंद ने अपने परिजनों और अन्य लोगों को बुलाया और वहीं शादी की रस्में शुरू करा दीं।
मंदिर में हुई शादी और मिला प्रमाण पत्र
रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद मामला और आगे बढ़ा और वाराणसी के राजातालाब स्थित महादेव मंदिर में पूरे विधि-विधान से रीना देवी और सियाराम यादव की शादी कराई गई। मंदिर प्रशासन ने विवाह का प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया। इस उम्र में प्रेमी के साथ पत्नी की शादी इलाके में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।