पति की दूसरी शादी रोकने थाने पहुंची पत्नी, बाराबंकी में बारात रुकवाई,
दुल्हन करती रही इंतजार
1 months ago
Written By: State Desk
लखनऊ: बाराबंकी जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां एक महिला ने अपने पति की दूसरी शादी रुकवा दी। जैसे ही महिला को पति की शादी की जानकारी मिली, वह सीधे पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शादी से पहले ही दूल्हे और उसके पिता को थाने में बैठा लिया।
शादी से पहले पहुंची पुलिस
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना टिकैतनगर के भुड़वा गांव की है, जहां 24 मई को रामकेश (30 वर्ष) की शादी होनी थी। वह बारात लेकर निकलने ही वाला था, लेकिन इससे पहले पुलिस ने उसे थाने बुला लिया। रामकेश की पहली पत्नी सरिता (28 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर रहा है।
पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप
सरिता ने बताया कि, वर्ष 2020 में उसकी शादी रामकेश से हुई थी। कुछ समय बाद पति और ससुराल वालों ने सोने की चेन और नकद पैसों की मांग शुरू कर दी। जब उसके पिता ने देने से मना किया, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। सरिता के अनुसार, रामकेश पहले भी एक बार चोरी से शादी की कोशिश कर चुका था, लेकिन तब भी उसने विरोध किया था। इस बार उसके एक रिश्तेदार ने उसे सूचना दी कि रामकेश फिर से शादी करने जा रहा है। सरिता तत्काल पुलिस के पास पहुंची।
दुल्हन पक्ष को लगा झटका
जिसके बाद बारात न पहुंचने पर दुल्हन और उसका परिवार हैरान रह गया। उन्होंने बार-बार फोन किया, जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आई। दुल्हन के पिता ने बताया, “हमें रिश्तेदार ने फंसा दिया। बदनामी हुई, सामान बर्बाद हो गया और बेटी भी परेशान है।”
पुलिस कर रही जांच
वहीं इस बाबद जानकरी देते हुए SHO संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, सरिता की ओर से तहरीर मिली है। रामकेश को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है, जांच पूरी होने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।