UP Cabinet Decision: 2000 करोड़ से 5 शहरों में लगेंगी नई फैक्ट्रियां,
चौधरी चरण सिंह के नाम पर बनेंगे 5 सीड पार्क, किसानों को सस्ते में मिलेगा बीज
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट बैठक में गुरुवार को 10 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर 5 सीड पार्क (बीज पार्क) बनाने का फैसला लिया गया। पहला पार्क लखनऊ के अटारी में बनेगा। इससे प्रदेश में बीज उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को फायदा होगा। इन पार्कों से करीब 21 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा 5 शहरों में 2 हजार करोड़ की लागत से 5 फैक्ट्रियां लगेंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में बारात घर बनाने की भी योजना पास हुई। सोलर पैनल और डेयरी प्लांट के लिए भी सब्सिडी देने का ऐलान हुआ। आइए जानते हैं कैबिनेट के फैसलों के बारे में।
1. सीड पार्क से बीज में आत्मनिर्भरता
प्रदेश में 5 बीज पार्क बनेंगे। ये पार्क पश्चिमी, तराई, मध्य, बुंदेलखंड और पूर्वी यूपी में होंगे। हर पार्क 150 से 200 एकड़ में फैलेगा। हर पार्क से 1200 लोगों को सीधा और 3000 लोगों को परोक्ष रोजगार मिलेगा। इससे किसानों को सस्ता बीज मिलेगा।
2. हर ग्रामीण विधानसभा में बारात घर
पहले चरण में 71 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में विवाह भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक विवाह भवन की लागत करीब 1.41 करोड़ रुपए आएगी। यह योजना ग्राम पंचायतों के माध्यम से चलाई जाएगी। ग्रामीणों को अब कम किराए पर विवाह स्थल मिलेंगे।
3. यूपी के 5 शहरों में नई फैक्ट्रियां
प्रयागराज में जेके सीमेंट की फैक्ट्री खुलेगी। हापुड़ में बेवरेज प्लांट लगेगा। बाकी तीन फैक्ट्रियां लखीमपुर खीरी, बिजनौर और मुजफ्फरनगर में बनेंगी। इनसे रोजगार बढ़ेगा और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
4. डेयरी प्लांट खोलने पर 5 करोड़ तक अनुदान
डेयरी खोलने के लिए सरकार अब 35% तक सब्सिडी देगी। 5 करोड़ रुपये तक की मदद मिल सकती है। इससे दूध उत्पादन और प्लांट्स में सुधार होगा।
5. पायलट और स्टाफ की बढ़ी सैलरी
एविएशन डिपार्टमेंट में पायलट और को-पायलट की सैलरी में 10% की बढ़ोतरी की गई है। पायलट को अब 5 से 10 लाख और को-पायलट को 3 से 7 लाख रुपए मिलेंगे। इंजीनियर और दूसरे कर्मचारियों की सैलरी में भी बढ़ोतरी की गई है।
6. 1500 की आबादी वाली ग्राम पंचायतों को राहत
छोटी पंचायतों को अब राज्य की ओर से ज्यादा पैसा मिलेगा। इससे गांवों में विकास कार्यों को मदद मिलेगी।
7. अमृत योजना में अब निकायों को कम देना होगा पैसा
शहरों में अमृत योजना के तहत जो पैसा देना होता था। अब उसकी रकम को घटा दिया गया है। इससे शहरों पर आर्थिक बोझ कम होगा।
8. सेना को ऑपरेशन सिंदूर के लिए बधाई
कैबिनेट ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए सेना को अभिनंदन प्रस्ताव पास किया। नेताओं ने सेना के साहस और तकनीक की सराहना की। पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।