पहले प्रसाद में मिलाया नशीला पदार्थ उसके बाद किया युवक का यौन उत्पीड़न,
वृंदावन के महंत पर पुलिस ने शुरू की जांच
1 months ago
Written By: Ashwani Tiwari
Uttar Pradesh News: मध्य प्रदेश के एक युवक ने वृंदावन स्थित एक आश्रम के मुख्य पुजारी पर यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल का गंभीर आरोप लगाया है। युवक का दावा है कि पुजारी ने उसे नशीला पदार्थ मिलाकर 'प्रसाद' के बहाने यौन उत्पीड़न किया और इस घटना का वीडियो बनाकर उसे धमकाया। विरोध करने पर कथित रूप से उसकी पिटाई भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP मथुरा ने CO (सदर) संदीप कुमार सिंह को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।
युवक ने लगाए गंभीर आरोप
युवक ने बताया कि यह घटना 22 नवंबर, 2022 को हुई। वह आश्रम में रह रहा था, तभी मुख्य पुजारी ने उसे प्रसाद में नशीला पदार्थ दिया और उसके बाद यौन उत्पीड़न किया। युवक का कहना है कि इस कृत्य का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। जब उसने विरोध किया तो पुजारी ने उसे पीटा। युवक आश्रम से भागकर अपने घर पहुंचा और सबसे पहले आगरा रेंज के DIG से संपर्क किया। DIG ने उसे SSP मथुरा से मिलने के लिए भेजा और उचित कार्रवाई का निर्देश दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
SSP मथुरा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CO (सदर) संदीप कुमार सिंह को जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि घटना लगभग तीन साल पुरानी होने के कारण पहले मामले की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पिछले मामलों की याद दिलाता है मामला
इससे पहले उत्तर प्रदेश के कानपुर में भी नेशनल लेवल की ताइक्वांडो खिलाड़ी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। उस मामले में पीड़िता का आरोप था कि उसे आश्रम में नशीला लड्डू खिलाकर और प्रभावशाली लोगों से मिलवाने के बहाने सामूहिक बलात्कार किया गया था। दोनों ही मामलों में आश्रम का स्थान और प्रभुत्व का दुरुपयोग करके अपराध किए जाने का सिलसिला सामने आया है।